
वाराणसी । काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के नगर छात्र निकाय परिसर में सोमवार को वार्षिक सांस्कृतिक एवं खेल आयोजन उन्मेष 2026 के समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान “कलासूत्र” आर्ट स्टूडियो एवं गैलरी का उद्घाटन किया गया तथा “आरम्भ” कला प्रदर्शनी का शुभारंभ भी हुआ।

6 से 11 अप्रैल तक आयोजित इस प्रदर्शनी में 65 छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार 85 से अधिक कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें पेंटिंग, फोटोग्राफी, टेक्सटाइल एवं मूर्तिकला जैसी विविध विधाएँ शामिल हैं।कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में गैलरी एवं विद्यार्थियों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि नगर छात्र निकाय परिसर को और अधिक सुंदर एवं उपयोगी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने परिसर के बेहतर उपयोग के साथ इसे रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने पर बल दिया।उन्होंने वर्ष 2026 के युवाओं की सोच और आकांक्षाओं को समझने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि संस्थान को विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं के अनुरूप निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने परंपरा और प्रगति के बीच संतुलन बनाए रखने की बात कही।इस अवसर पर सम्मानित अतिथि श्री केशव जालान ने कहा कि बनारस व्यक्ति को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और दृढ़ता का पाठ सिखाता है। उन्होंने सफलता के लिए दृष्टि, संकल्प तथा गुरु एवं अभिभावकों के आशीर्वाद को महत्वपूर्ण बताया।विशिष्ट अतिथि प्रो. उदय प्रताप शाही ने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। वहीं छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि नगर छात्र निकाय विद्यार्थियों का अपना मंच है, जहां वे अपनी प्रतिभा को विकसित कर सकते हैं।नगर छात्र निकाय के मुख्य संरक्षक प्रो. ललित मोहन अग्रवाल ने बताया कि 11 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 93 विद्यार्थी विजेता बने। उन्होंने भविष्य में योग, खेल एवं प्रदर्शनकारी कलाओं से संबंधित कार्यशालाओं के आयोजन की भी जानकारी दी।कार्यक्रम में प्रो. आनंद कुमार सिंह, प्रो. अभिषेक सिंह, डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, डॉ. अपाला साहा, डॉ. श्यामा कुमारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। “कलासूत्र” गैलरी का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां भविष्य में आर्ट टॉक, कार्यशालाएं एवं प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी ।।
