सिंगापुर। गत चैम्पियन पी वी सिंधू थाईलैंड में खराब प्रदर्शन के बाद यहां मंगलवार से शुरू हो रहे सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के जरिये वापसी की कोशिश करेंगी जबकि फॉर्म में चल रहे एच एस प्रणय जीत की लय कायम रखना चाहेंगे ।

पिछले साल अगस्त में टखने की चोट का शिकार हुई सिंधू के लिये हालात समान नहीं रहे हैं । वह धीरे धीरे लय में लौट रही हैं और मैड्रिड में स्पेन मास्टर्स में फाइनल तथा मलेशिया मास्टर्स में सेमीफाइनल तक पहुंची । थाईलैंड ओपन में हालांकि वह पहले दौर में बाहर हो गई ।अब यहां उनका सामना पहले ही दौर में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची से होगा।

सिंधू का उसके खिलाफ कैरियर रिकॉर्ड 14.9 का है लेकिन पिछले साल थाईलैंड ओपन में दोनों की टक्कर के बाद काफी कुछ बदल गया है । उन्हें अब इस जापानी प्रतिद्वंद्वी को हराने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा ।दूसरी ओर प्रणय छह साल का खिताब का सूखा खत्म करने के बाद इस टूर्नामेंट में आये हैं ।उन्होंने हाल ही में मलेशिया मास्टर्स खिताब जीता । उनका सामना जापान के तीसरी वरीयता प्राप्त कोडाइ नाराओका से होगा ।

थाईलैंड में सेमीफाइनल में हारे लक्ष्य सेन की टक्कर चीनी ताइपै के पांचवीं वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन से होगी। विश्व चैम्पियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता किदाम्बी श्रीकांत थाईलैंड के केंटाफोन वांगचारोन से खेलेंगे जबकि ओरलियंस मास्टर्स विजेता प्रियांशु राजावत का सामना जापान के केंटा सुनेयामा से होगा।महिला एकल में लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल थाईलैंड की रेचानोक इंतानोन से खेलेंगी जिनसे वह पिछले दो मुकाबले हार चुकी है।

पुरूष युगल में दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विक साइराज रंकीरेड्डी का सामना जापान के अकिरा कोगा और ताइची सेइतो से होगा जबकि एम आर अर्जुन और ध्रुव कपिला की टक्कर फ्रांस के लुकास कोरवी और रोनान लोबार से होगी ।महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद हांगकांग के यिउंग एंग तिंग और यिउंग पुइ लाम से खेलेंगे ।

Pc:TV9 Bharatvarsh

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *