खेल डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने फॉर्म में वापसी कर ली है। उन्होंने अब लगातार दो शतक जड़कर कीवी टीम को चेतावनी दे डाली है।
न्यूजीलैंड ए टीम के खिलाफ तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के तीसरा मुकाबला बर्ट सटक्लिफ ओवल, लिंकन में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड-ए टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और फिर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए टीम की तरफ से ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 138 गेंदों पर 102 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 16 चौके और दो छक्के लगाए। जायसवाल ने दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया-ए टीम दूसरी पारी में 155 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेलने के साथ अपने फॉर्म में वापस आने का संदेश सभी को दिया।
यशस्वी जायसवाल ने साई सुदर्शन के साथ मिलकर की 175 रन की साझेदारी
यशस्वी जायसवाल ने साई सुदर्शन के साथ मिलकर इंडिया-ए को अच्छी शुरुआत देने के साथ पहले विकेट के लिए 175 रनों की बड़ी साझेदारी भी की। भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 2 विकेट गंवाकर 227 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन 77 रन बनाकर कप्तान ध्रुव जुरेल (12) के साथ क्रीज पर मौजूद हैं। देवदत्त पडिक्कल इस पारी में केवल 15 रन ही बना सके। साई सुदर्शन ने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 205 गेंदों का सामना किया है। इस पारी में उन्होंने 10 चौके लगाए हैं।
PC: cricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
