दुबई। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मेग लैनिग न्यूजीलैंड में जारी 2022 महिला क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत मंगलवार को जारी आईसीसी की ताजा महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिग में दो स्थानों के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।

मौजूदा विश्व कप के पहले पांच मैचों ने रैंकिग में काफी हलचल मचाई है। लैनिग विश्व कप अब तक के दो मैचों में क्रमश: 86 और 35 रन की बदौलत 727 रेटिग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ गईं हैं। वह अब शीर्ष स्थान से केवल 15 रेटिग अंक दूर हैं, जिस पर वर्तमान में 742 अंकों के साथ उनकी हमवतन एलिसा हीली काबिज हैं।

वहीं इंग्लैंड के खिलाफ पहले महिला विश्व कप मैच में शानदार शतक जड़ने वाली ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज राचेल हेन्स भी टॉप 10 बल्लेबाजों में जगह बनाने में कामयाब हुईं हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 130 गेंदों पर 131 रन की शानदार पारी की बदौलत उन्होंने रैंकिग में सातवां स्थान हासिल किया है। इसी मैच में शतक जड़ने वाली इंग्लैंड की नताली साइवर को भी फायदा हुआ है और वह पांच स्थानों की छलांग से छठे नंबर पर पहुंच गईं हैं।

इसके अलावा वेस्ट इंडीज की हेले मैथ्यूज को ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ-साथ ऑलराउंडर्स रैंकिग में काफी फायदा हुआ है। उन्होंने टूर्नामेंट ओपनर मैच में मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ 128 गेंदों पर 119 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी और गेंद के साथ दो विकेट भी निकाले थे। इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वह ऑलराउंडर्स रैंकिग में छह स्थानों के फायदे से चौथे, बल्लेबाजी रैंकिग में 12 स्थानों की छलांग से 20 वें और तीन स्थानों के फायदे से गेंदबाजों की सूची में 10 वें नंबर पर आ गईं हैं।

रैंकिग में ऊपर आने वाले अन्य खिलाड़यिों में दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका शामिल हैं, जिन्हें बंगलादेश के खिलाफ पहले मैच में चार विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन से नंबर छह पर पहुंचने में मदद मिली है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *