वाराणसी में दिनदहाड़े 8 लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस ।।
वाराणसी के कबीरचौरा क्षेत्र में कबीरचौरा-पियरी मार्ग पर गुरुवार को दिनदहाड़े तीन बदमाश चेकिंग के नाम पर व्यापारी तबरेज अहमद से मारपीट कर 8 लाख रुपए छीन कर बाइक से भाग निकले। घटना के बाद बदहवास व्यापारी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। वारदात की सूचना पाकर चौक थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम भुक्तभोगी से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, शहर के भीड़भाड़ वाले अति व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े सरेराह हुई इस घटना ने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

गाजीपुर जिले के दिलदारनगर क्षेत्र निवासी किराना व्यापारी तबरेज अहमद वाराणसी में खरीदारी और भुगतान करने के लिए 14 लाख रुपए लेकर आए थे। तबरेज के अनुसार गोला दीनानाथ में उन्होंने एक व्यापारी को 5 लाख रुपए का भुगतान किया। इसके बाद वह ऑटो में अकेले बैठ कर बनारस के अलग-अलग मार्केट में खरीदारी करने जा रहे थे। कबीरचौरा क्षेत्र में होटल ब्लू डायमंड के सामने तीन लोगों ने सादे कपड़ों में उनका ऑटो रुकवाया और बोले कि हम पुलिस वाले हैं। इसके बाद उन्होंने व्यापारी का नाम पूछा और कहा कि अपना बैग चेक कराओ। बैग में कोई असलहा तो नहीं है। तीनों में से एक उनका बैग चेक करने लगा और एक उन्हें थप्पड़ मारने लगा ।
इसके बाद तीनों ने उनके बैग से आठ लाख रुपए निकाल लिए और फिर बाइक से भाग निकले। बदमाशों की छीनाझपटी के बीच उनके एक लाख रुपए बच गए। उन्होंने बदमाशों का पीछा किया लेकिन वो आंखों के सामने से ओझल हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। तबरेज अहमद ने बताया कि बदमाशों की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच लग रही थी।

डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि व्यापारी की सूचना के आधार पर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। व्यापारी के साथ ही घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर के आधार पर चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए चौक थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम पड़ताल शुरू कर दी है ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *