भारतीय महिला शिक्षण संस्था द्वारा दिनांक १९ अप्रैल मंगलवार को कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय, सुंदरपुर, वाराणसी में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न छात्र छात्राओं को जिन्होंने पिछले सत्र में शिक्षा के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें विधायक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त भारतीय महिला शिक्षण संस्था द्वारा छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। उन प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम में विधायक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया गया।

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि सौरभ श्रीवास्तव ने बच्चों से कहा कि भविष्य में देश की बागडोर अपने हाथ में लेने के लिए बच्चों को तैयारी करनी चाहिए। उन्हें हर काम समय से करने की आदत डालनी चाहिए। समय से सोना-जागना, समय से खाना-पीना, समय से विद्यालय जाना, समय से पढ़ना। अनुशासित जीवन ही उन्हें सफलता की ओर लेकर जाएगा। सौरभ श्रीवास्तव ने बच्चों से सीधे बात की कि उन्हें विद्यालय में क्या-क्या आवश्यकता है। बच्चों की मांग पर स्मार्ट क्लास, झूले इत्यादि की व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं भारतीय महिला शिक्षण संस्था के पदाधिकारियों के सम्मुख पर्यावरण संयोजक कृष्ण मोहन ने १७३० में हरे पेड़ों को बचाने के लिए अपने सहित अपनी तीन पुत्रियों का सिर कटा देने वाली पर्यावरण बलिदानी अमृता देवी के व्यक्तित्व और कृतित्व को प्रस्तुत करते हुए अमृता देवी जी को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए पर्यावरण संरक्षण के लिए अपना अपना योगदान देने का आह्वान किया ताकि संपूर्ण मानव जाति का जीवन सुरक्षित रह सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधा गुप्ता ने व संचालन संस्था की संस्थापिका एवं सचिव उर्मिला मिश्रा के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित थे शीला सिंह, रजनी सिंह, सरिता सिंह, विमला चतुर्वेदी, सरोज सिंह, प्रेमशिला चतुर्वेदी, सुमन पांडे, डा.भारती मिश्रा, सावित्री पांडे, अवंतिका मिश्रा, शंभवी सिंह व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *