वाराणसी. बढ़ती महंगाई के विरोध में धर्म नगरी काशी के लोगों ने नायाब तरीका निकाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में तंत्र पूज की गई, माता रानी को नीबू की बलि चढ़ा कर प्रार्थना की गई कि कम से कम खाने-पीने की वस्तुओं के दाम तो कम हों। नीबू तो आसानी से हर किसी को मिल सके ।
एआईएमआईएम नेता हरीश ने की तंत्र पूजा
हाल ही में बीते उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के टिकट पर शहर उत्तरी से चुनाव लड़ने वाले, भगत सिंह यूथ फ्रंट के अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने स्थानीय लोगों के साथ सिगरा क्षेत्र स्थित मां आदिशक्ति के मंदिर में नींबू की कीमतों में कमी के लिए तंत्र पूजा की। पूजा के दौरान उन्होंने नींबू की बलि भी चढ़ाई। पूजन के बाद हरीश मिश्रा ने कहा कि काशी की परंपरा में तंत्र पूजा का बड़ा महत्व है। हम लोग जब किसी भी मसले को नहीं सुलझा पाते, हताश-निराश हो जाते हैं। सरकारें और प्रशासनिक अमला फेल हो जाता है तो हम लोग मां आदिशक्ति की शरण में जाते हैं। काशी में रविवार और मंगलवार को तंत्र पूजा की जाती है, सो मैने की ।
जब शासन-प्रशासन खामोश तो भगवती की शरण में ही जाना पड़ा
हरीश मिश्रा ने कहा कि जब शासन-प्रशासन खामोश है। ऐसे में इस विकट परिस्थिति में देवी भगवती ही आम आदमी का सहारा हैं। आज मंगलवार था तो भगवती को नींबू की बलि देकर माता रानी से प्रार्थना की गई है कि वह कृपा करके इसका मूल्य कम कराएं। उन्होंने पूरे विश्वास से कहा कि 2-4 दिनों में नींबू के दामों में अप्रत्याशित कमी आएगी ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *