एनएसएस शिविर का दूसरा दिन
वाराणसी, 24 मार्च। डीएवी पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की आठों इकाईयों द्वारा चल रहे सप्ताहव्यापी विशेष शिविर के दूसरे दिन गुरूवार को एनडीआरएफ द्वारा स्वयंसेवकों को आपदा प्रबन्धन का प्रशिक्षण दिया गया। स्व. पी.एन.सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में आग लगने, बाढ़ की परिस्थिति, भूकंप में फॅसने जैसी आपदाओं से निपटने के गुर बतलाये गये। मुख्य प्रशिक्षक एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर मनीष चौबे ने स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देते हुए बताया की किसी भी प्रकार की गंभीर प्राकृतिक आपदा हो अथवा किसी दुर्घटना के समय सबसे पहले एनडीआरएफ के जवान ही मौके पर पहुॅचते है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक यदि प्रशिक्षित हो तो वे किसी भी संकटकालीन परिस्थिति में मदद पहुॅचा सकते है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को घरेलु वस्तुओं की मदद से संकटकाल में उबरने का रास्ता बतलाया। उन्होंने उत्तराखण्ड, भोपाल, उड़ीसा, लातूर, नेपाल में आई प्राकृतिक आपदाओं के समय में स्वयंसेवकों की भूमिका को भी विस्तार से बतलाया।
इस अवसर पर जवानों का स्वागत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बन्दना बालचन्दनानी, संचालन डॉ. प्रतिभा मिश्रा एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नजमूल हसन ने दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. शशिकान्त यादव, डॉ. राकेश कुमार मीणा सहित 400 से ज्यादा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
