आइपीएल 2022 में एक बार फिर से रवि शास्त्री अपने अंदाज में कमेंट्री करते हुए नजर आएंगे। टीम इंडिया के हेड कोच के पद से हटने के बाद रवि शास्त्री ने कमेंट्री की दुनिया में कदम फिर से रख दिया है। आइपीएल 2022 के शुरू होने से पहले रवि शास्त्री इस टूर्नामेंट व इससे जुड़े खिलाड़ियों को लेकर काफी सारी बातें सबके सामने रख रहे हैं इसी कड़ी में उन्होंने टीम इंडिया व आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली के बारे में भी बात की।
विराट कोहली द्वारा टीम की कप्तानी छोड़े जाने वाले मसले पर बात करते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि ये टीम के लिए एक तरह से अच्छा ही है। उन्होंने यह भी कहा कि कोहली के पास अब खुलकर खेलने की आजादी है। शास्त्री के कार्यकाल में भारतीय टीम की कमान लंबे समय तक कोहली के हाथों में रही। वह कोहली और उनके खेल को बहुत अच्छी तरह समझते हैं।
शास्त्री ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बातचीत में कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि कोहली का कप्तानी छोड़ना एक तरह से अच्छा ही है। कप्तानी का दबाव उनके कंधे से उतर गया है। कप्तान होने के साथ जो अपेक्षाएं आती हैं वे अब नहीं हैं। वह जाकर मैदान पर खुलकर खेल सकते हैं। वह खुद को जाहिर कर सकते हैं। और मुझे लगता है कि वह अब ऐसा ही करना चाहेंगे।
शास्त्री ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि सबसे जरूरी चीज यह है कि वह अपने निजी प्रदर्शन के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं हैं। चूंकि वो वर्ल्ड क्रिकेट में इतना कर चुके हैं कि लोग जानते हैं कि कोहली कहां खड़े हैं। अब उन्हें मैदान पर उतरकर खेल का लुत्फ उठाना चाहिए। मेरी राय में यही सबसे जरूरी है। यह सब अब मानसिक खेल है। यह खुद को यह समझाने की बात है कि मैं वहां खुलकर खेलना चाहता हूं। खुद को जाहिर करना चाहता हूं और लुत्फ उठाना चाहता हू ।
कोहली 2013 से रायल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान थे । उन्होंने पिछले साल टीम की कप्तानी छोड़ दी थी । उनकी कप्तानी में टीम 2016 के फाइनल तक पहुंची थी लेकिन ट्राफी उनके हाथों से दूर रही है । इस सीजन में बैंगलोर का पहला मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ 27 मार्च को होगा ।।
