जकार्ता : पश्चिमी इंडोनेशिया में सोमवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए, जिसका केंद्र समुद्र में था। भूकंप से कोई गंभीर क्षति या किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई है, जिसका केंद्र आचे प्रांत के एक तटीय जिले सिगकिल से 48 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 48 किलोमीटर की गहराई पर था।

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इंडोनेशिया की आबादी 27 करोड़ से अधिक है। प्रशांत महासागर में ‘रिग ऑफ फायर पर इसकी स्थिति के कारण यहां भूकंप का खतरा अधिक रहता है। गौरतलब है कि पश्चिम जावा के सियानजुर शहर में 21 नवंबर को आए 5.6 की तीव्रता वाले भूकंप में कम से कम 331 लोग मारे गए थे और करीब 600 लोग घायल हुए थे। इससे पहले सुलावेसी में 2018 में आए भूकंप और सुनामी में करीब 4,340 लोग मारे गए थे। वहीं 2004 में हिद महासागर में एक अत्यंत शक्तिशाली भूकंप के कारण सुनामी आने से एक दर्जन देशों में 2,30,000 से अधिक लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर लोग इंडोनेशिया के आचे प्रांत के थे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *