सैन डिएगो। अमेरिका के कैलिफोर्निया में सीमा सुरक्षा अधिकारियों की नजर से बचकर निकलने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति के कपड़ों में छिपा कर रखे गए 52 जिदा छिपकली और सांप बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका के सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग ने यहां जारी बयान में बताया कि एक व्यक्ति ट्रक चलाकर मैक्सिको से लगती सीमा सैन य्सिद्रो पर 25 फरवरी को आया था और उसकी अतिरिक्त जांच की गई।
बयान के मुताबिक, जांच के दौरान अधिकारियों को छोटे छोटे थैलों में 52 जिदा सरीसृप मिले जो उसने अपनी जैकेट, पैंट की जेब में और निजी अंगों के पास छिपाये थे। अधिकारियों ने बताया कि नौ सांप और सींग वाली 43 छिपकलियां जब्त की गईं। इनमें से कुछ विलुप्ति की कगार पर पहुंच गई प्रजातियां है।
सैन डिएगो में सीमा शुल्क और सीमा रक्षा के क्षेत्र परिचालन के निदेशक सिडनी अकी ने बताया, ”तस्कर अपने सामान को सीमा पार ले जाने की हर संभव कोशिश करते हैं, जैसे इस मामले में जिदा सरीसृपों को सीमा पार ले जाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि 30 वर्षीय यह व्यक्ति अमेरिका का नागरिक है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
