वाराणसी, 16 सितंबर 2022
जिले में 17 सितम्बर से शुरू हो रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के दूसरे दिन रविवार 18 सितम्बर को जिले के सभी सरकारी अस्पताल खुले रहेंगे। इस दिन इन अस्पतालों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा। शिवप्रसाद गुप्त मण्डलीय चिकित्सालय समेत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थय केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों के जरिये नागरिकों को चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संदीप चौधरी ने बताया कि 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक आयोजित हो रहे सेवा पखवाड़ा में स्वास्थ्य विभाग नागरिकों को बेहतर चिकित्सकीय सेवाये उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। इस दौरान चिकित्सकीय सुवधाएं प्रदान करने के साथ-साथ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। सेवा पखवाड़े के पहले दिन जिले में 17 सितम्बर को आठ स्थानों पर ‘मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प’ आयोजित किये जायेंगे। दूसरे दिन रविवार को जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों में ‘निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे अपने उपचार के लिए इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठायें।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के चलते रविवार को जिले के सभी सरकारी अस्पताल खुले रहेंगे। उन्होंने बताया कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कबीरचौरा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त मण्डलीय चिकित्सालय के अलावा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चौकाघाट, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुर्गाकुण्ड, स्वामी विवेकानंद मेमोरियल चिकित्सालय भेलूपुर के अलावा सीएचसी आराजी लाइन, सीएचसी चोलापुर, सीएचसी गंगापुर(पिण्डरा), सीएचसी गजोखर (पिण्डरा), सीएचसी विरावकोट, सीएचसी पुआरी कला (हरहुआ), सीएचसी नरपतपुर (चिरर्इगांव) व सीएचसी मिसिरपुर में भी होगा। इसके अतिरिक्त जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *