इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का पिछला सीजन आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए अच्छा नहीं रहा और उम्मीद की जा रही है कि आज होने वाली मिनी नीलामी के दौरान मुंबई इंडियंस कई नए खिलाड़ियों पर दांव लगाएगी।
मुंबई इंडियंस प्रबंधन इन दिनों खुश है क्योंकि उनका फ़ास्ट बॉलर आईपीएल के अपकमिंग सीजन में वापसी करने के लिए तैयार है। हम बात कर रहे हैं इंग्लैंड के फ़ास्ट बॉलर जोफ्रा आर्चर की, जो चोट के कारण आईपीएल के पिछले सीजन से बाहर हो गए थे।
गौरतलब है कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने आर्चर को जनवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। आर्चर चोट के कारण मार्च 2021 से बाहर थे।
27 साल के आर्चर को पिछले साल हुई मेगा नीलामी में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2023 सीजन के लिए आर्चर को रिलीज नहीं करने का फैसला किया और अब उम्मीद है कि वह मुंबई इंडियंस के फ़ास्ट बॉलर जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर गेंदबाजी करेंगे।
आर्चर ने 2019 में इंग्लैंड को वनडे वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 20 विकेट लिए थे। आर्चर ने आईपीएल में 35 मैचों में 46 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2018 के आईपीएल में पहली बार राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 15 विकेट लिए थे।
एमआई के रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची: इशान किशन, ट्रिस्टन स्टब्स (एसए), रोहित शर्मा (सी), टिम डेविड (ऑस्ट्रेलिया), रमनदीप सिंह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस (एसए), जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड), जसप्रीत बुमराह, अरशद खान, जेसन बेहरेनडॉर्फ (ऑस्ट्रेलिया), कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, ऋतिक शौकीन, अर्जुन तेंदुलकर।
