रबात (मोरक्को)। भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अविनाश साबले यहां प्रतिष्ठित डायमंड लीग सीरीज के दूसरे चरण में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपल चेज स्पर्धा में 10वें स्थान पर रहे।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक विजेता 28 वर्षीय साबले ने आठ मिनट 17.18 सेकंड का समय लिया जो उनके राष्ट्रीय रिकार्ड आठ मिनट 11.20 से लगभग छह सेकंड अधिक था। साबले ने पिछले साल इसी प्रतियोगिता में 8:12.48 का समय लेकर पांचवां स्थान हासिल किया था।

इस स्पर्धा में 18 धावकों ने भाग लिया लेकिन केवल 14 धावक ही दौड़ पूरी कर पाए।मेजबान देश के विश्व और ओलंपिक चैंपियन सौफियाने एल बक्कली ने 7:56.68 सेकेंड का समय लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।इथियोपिया के गेटनेट वाले और कीनिया के राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अब्राहम किबिवोट ने क्रमश: 8:05.15 और 8:05.51 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

इस बीच भारत के 18 वर्षीय सेल्वा प्रभु थिरुमरन ने यूनान के वेनिज़ेलिया चानिया में विश्व एथलेटिक्स महाद्वीपीय टूर में पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में 16.78 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और साथ ही अपने जूनियर राष्ट्रीय रिकार्ड में सुधार किया।थिरुमरन ने इस महीने के शुरू में क्यूबा के हवाना में 16.58 मीटर कूद लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने पिछले साल अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।यूनान में रविवार को खेली गई इसी प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक जेसविन एल्ड्रिन ने लंबी कूद में 7.66 मीटर कूद लगाकर पांचवां स्थान हासिल किया। उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 8.42 मीटर का है।

Pc:Scroll.in

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *