वाराणसी । गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसी क्रम में हरिश्चंद्र घाट रोड, वाराणसी स्थित होटल “शिव गंगा रेस्टोरेंट” में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया। जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में चल रहा है। गेल ने बताया कि, होटल “शिव गंगा रेस्टोरेंट” जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों को सेवाएं प्रदान की जाती हैं, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रति माह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही अब रेस्टोरेंट को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध हो रही है। इसके साथ ही यहां उपयोग में आने वाले ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किए जा सकेंगे, जिससे अतिरिक्त उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी और ऊर्जा संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा। बताया गया कि,इसके इस्तेमाल के साथ ही सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार आता है। इसके अतिरिक्त, यह एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में इस दिशा में कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। होटल “शिव गंगा रेस्टोरेंट” में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है, जो गेल (इंडिया) लिमिटेड की सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाता है। अंत में, गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी उपभोक्ताओं से अपील करता है कि वे पीएनजी कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *