कीव । यूक्रेन में जारी रूसी सैन्य कार्रवाई के बीच रूसी सेना ने अब खेरसॉन शहर पर हमला करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यूक्रेन की स्टेट सर्विस फॉर स्पेशल कम्युनिकेशंस एंड इंफॉर्मेशन प्रोटेक्शन ने बताया, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुश्मन (रूसी सेना) हवाई अड्डे से निकोलेव राजमार्ग और कोल्ड स्टोरेज प्लांट के पास एक रिग की ओर बढ रहा है।

खेरसॉन के स्थानीय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर सूचना दी कि शहर को रूसी सैनिकों ने घेर लिया है लेकिन फिलहाल शहर पर कब्जा नहीं हुआ है। शहर के महापौर ने बताया कि रूसी सेना ने शहर के प्रवेश मार्ग पर नाकाबंदी कर दी है।
महापौर इगोर कोलिखाये ने फेसबुक पर लिखा, यह कहना मुश्किल है कि भविष्य में क्या होगा। खेरसॉन युक्रेन का था और रहेगा।

उन्होंने कहा,मैं आप सभी से शांत और सावधान रहने का अनुरोध करता हूं। कर्फ्यू के दौरान बाहर न निकलें। दुश्मन को लड़ाई के लिए न उकसाएं।

इससे पहले बीबीसी ने कहा था कि खेरसॉन हवाई अड्डे के पास धमाके हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि रूसी सेना ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर आक्रमण किया था और मंगलवार को इस युद्ध का छठा दिन शुरू हो गया।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *