मारियुपोल (यूक्रेन)। यूक्रेन के मारियुपोल में रूसी हमले से उत्पन्न तबाही का मंजर सड़कों पर पड़ी लाशों से साफ नजर आ रहा है, कई दिन से भूखे लोग अब भोजन की तलाश में दुकानों के ताले तोड़ रहे हैं, प्यास बुझाने के लिए बर्फ पिघलाकर पी रहे हैं। इस रणनीतिक बंदरगाह शहर में रूसी गोलाबारी की आवाज से कांपते हुए हजारों लोगों ने जान बचाने के लिए तहखानों में पनाह ली है।

महिलाओं और बच्चों के बीच तहखाने में तेल के दीपक की रोशनी में रोते हुए गोमा जाना ने कहा, ” मैं क्यों ना रोऊं ? मुझे मेरा घर वापस चाहिए, मेरी नौकरी वापस चाहिए। मैं लोगों और शहर को लेकर दुखी हूं।

मारियुपोल शहर की आबादी करीब 4,30,000 है और रूसी हमले के बाद उत्पन्न स्थितियों से यहां मानवीय संकट गहराता जा रहा है। मंगलवार को भी यहां फंसे लोगों को कोई राहत नहीं मिली, नागरिकों को निकालने और एक निर्दिष्ट सुरक्षित गलियारे के माध्यम से भोजन, पानी और दवा पहुंचाने का प्रयास विफल रहा। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि काफिले के शहर पहुंचने से पहले ही रूसी सेना ने उस पर गोलीबारी कर दी।

रूस को यूक्रेन पर हमला किए करीब दो सप्ताह का समय बीत चुका है, आज़ोव सागर पर बसा मारियुपोल कई दिनों से रूसी सैनिकों से घिरा हुआ है।
यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरीना वेरेशचुक ने कहा कि मारियुपोल ”विनाशकारी स्थिति में है।

इस बीच, पोलैंड ने यूक्रेन की सेना की मदद करने के लिए अमेरिका को अपने सभी एमआईजी-29 लड़ाकू विमान देने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह प्रस्ताव उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के लिए गंभीर चिताएं पैदा करता है और यह योजना ”तर्कसंगत नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक करीब 20 लाख लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं।

रूस को आर्थिक स्तर पर अलग-थलग करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की और बहुराष्ट्रीय तेल एवं गैस कम्पनी ‘शेल ने कहा कि वह अब रूस से तेल और प्राकृतिक गैस नहीं खरीदेगी।

वहीं, मैकडॉनल्ड्स, स्टारबक्स, कोका-कोला, पेप्सिको और जनरल इलेक्ट्रिक जैसे कई वैश्विक ब्रांड ने घोषणा की है कि वे यूक्रेन पर आक्रमण के जवाब में रूस में अपने व्यापार को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहे हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *