वाराणसी ।। यूपी कालेज में छात्रसंघ चुनाव छह मई को होगा। इसके लिए छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री व पुस्तकालय मंत्री और पांच संकाय प्रतिनिधियों के लिए नामांकन 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक किया जा सकेगा । प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ बनारसी मिश्र ने सोमवार को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी ।
अधिसूचना जारी होते ही तत्काल प्रभाव से अचार संहिता भी लागू कर दी गई है । अधिसूचना जारी होते ही परिसर में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है । प्रधान चुनाव अधिकारी के अनुसार, चुनाव लिंगदोह समिति की संस्तुतियों के अनुसार होगा । चुनाव में प्रत्याशियों को अधिकतम पांच हजार रुपये खर्च करने की अनुमति होगी ।
प्रत्याशी, प्रस्तावक व अनुमोदक को सौ रुपये के स्टांप पेपर पर इस आशय का एक शपथ पत्र भी देना होगा । मतदाताओं को नोटा (कोई से कोई नहीं) का विकल्प भी मिलेगा । 27 अप्रैल को नामांकन सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगा । 28 अप्रैल को नामांकन पत्रों का सत्यापन होगा । 29 अप्रैल को नामांकन पत्रों की वापसी सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक की जा सकेगी ।।
