कीव | संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेन के युद्धग्रस्त मारियुपोल शहर से आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की दृढ़ता से मांग करते हुए इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने की बात कही है। इस बीच, कीव पर बमबारी करने को लेकर यूक्रेन ने रूस पर संयुक्त राष्ट्र की अवमानना करने का आरोप लगाया है। यूक्रेन का आरोप है कि संयुक्त राष्ट्र के नेता के कीव के दौरे के समय रूस ने बमबारी की थी।

मारियुपोल के मेयर वादिम बोईचेंको ने कहा कि शहर के स्टील संयंत्र के भीतर हालात बेहद खराब हो चुके हैं और वहां मौजूद आम नागरिक अपनी जिदगी की भीख मांग रहे हैं। बोईचेंको ने कहा कि आम नागरिकों को निकालने में कुछ दिनों का समय नहीं बल्कि केवल कुछ घंटे ही लगेंगे। इस बीच, यूक्रेन की सेना ने दक्षिण और पूर्व में आगे बढ़ने के रूसी प्रयासों को रोकने के लिए कड़ा संघर्ष किया। रूसी सेना यूक्रेन के औद्योगिक डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।

यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र कुछ शहरों में तोपखाने के विस्फोटों, सायरन और अन्य विस्फोटों की आवाज सुनी जा सकती थी। अमेरिकी रक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यूक्रेनी सेना के प्रतिरोध के कारण रूसी आक्रमण निर्धारित योजना की तुलना में बहुत धीमी गति से चल रहा है।

रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े अन्य घटनाक्रम इस प्रकार हैं-
– यूक्रेन की सेना के साथ लड़ते हुए एक पूर्व अमेरिकी नौसैनिक की मौत हो गयी है। अमेरिका ने इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है।
– यूक्रेन की सेना रूसी सैनिकों की मदद करने वाले अपने नागरिकों पर नकेल कस रही है। इस सिलसिले में करीब 400लोगों को हिरासत में लिया गया है।
– यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की घोषणा करने के बाद रूस के खिलाफ विभिन्न देशों की ओर से लगाए गए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के कारण उसकी अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रूस के सेंट्रल बैंक के मुताबिक उसकी अर्थव्यवस्था 10प्रतिशत तक सिकुड़ने की आशंका है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *