इस्तांबुल : तुर्की में मीडिया पर नजर रखने वाले निकाय (मीडिया वॉचडॉग) ने अमेरिका के सार्वजनिक सेवा प्रसारक ‘वॉयस ऑफ अमेरिका और जर्मन प्रसारक डॉयचे वेले की तुर्की भाषा में सेवाओं पर अपने यहां प्रतिबंध लगा दिया है, हालांकि इस पाबंदी की आलोचना हो रही है। रेडियो और टेलीविजन के शीर्ष निकाय ने एक फरवरी के फैसले को लागू किया जिसमें अंतरराष्ट्रीय मीडिया के लिए तुर्की में ऑनलाइन टेलीविजन सामग्री प्रसारित करने से पहले प्रसारण लाइसेंस के लिए आवेदन करने को जरूरी बनाया गया है।

अंकारा की एक अदालत ने बृहस्पतिवार देर रात सरकारी संस्था डॉयचे वेले और वॉयस ऑफ अमेरिका की वेबसाइटों तक पहुंच को बाधित करने का फैसला सुनाया। शुक्रवार को एक बयान में डॉयचे वेले ने कहा कि उसने लाइसेंस की जरूरत का पालन नहीं किया, क्योंकि यह तुर्की सरकार को संपादकीय सामग्री पर प्रतिबंध लगाने की अनुमति देता। महानिदेशक पीटर लिम्बर्ग ने कहा , ”तुर्की में रेडियो एवं टेलीविजन शीर्ष निकाय (आरटीयूके) किसी सामाग्री को अनुचित घोषित करता है, तो लाइसेंस प्राप्त मीडिया के लिए उस ऑनलाइन सामग्री को हटाना है। लेकिन यह एक स्वतंत्र प्रसारक के लिए अस्वीकार्य है। डॉयचे वेले सेवा पर पाबंदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा। तुर्की के मुख्य विपक्षी दल रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी के आरटीयूके सदस्य इल्हान तासी ने दोनों विदेशी प्रसारकों की सेवा बाधित करने के कदम का विरोध किया। उन्होंने व्यंगात्मक लहजे में ट्वीट किया, ”यहां प्रेस की स्वतंत्रता और उन्नत लोकतंत्र है।

तुर्की के पत्रकार संघ ने निर्णय को पाबंदी करार दिया है। संघ ने ट्वीट किया, ”जो कुछ भी आपको पसंद नहीं है, उस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश करना छोड़ दें, यह समाज स्वतंत्रता चाहता है। फरवरी में आरटीयूके ने कहा कि उसने प्रसारण लाइसेंस के बिना संचालित तीन वेबसाइट की पहचान की, जिसमें यूरोन्यूज की तुर्की सेवाएं भी शामिल थीं। लेकिन यूरोन्यूज ने कहा कि उसने तर्क दिया कि उसने तुर्की में सजीव प्रसारण नहीं किया और इसलिए उसे लाइसेंस की जरूरत से छूट दी गई। वॉयस ऑफ अमेरिका ने फरवरी में यह भी कहा कि रेडियो और टीवी के लिए लाइसेंस एक मानक है क्योंकि एयरवेव प्रसारण के सीमित संसाधन हैं, लेकिन इंटरनेट में सीमित बैंडविड्थ नहीं हैं।

वॉयस ऑफ अमेरिका ने एक बयान में कहा कि इंटरनेट वितरण के लिए लाइसेंस आवश्यकता का एकमात्र संभावित उद्देश्य प्रतिबंध लगाने को संभव बनाना है। ‘रिपोर्टस विदाउट बॉर्डर्स ने अपने विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक (वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स) में तुर्की को 180 देशों में से 149 में स्थान पर रखा है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि आलोचना को दबाने के लिए सभी संभव साधनों का उपयोग किया जाता है जिसमें पत्रकारों से उनके प्रेस कार्ड छीनना, ऑनलाइन प्रतिबंध, मुकदमे और गिरफ्तारी शामिल है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *