मेलबर्न : काइल वेरीने (नाबाद 40) और मार्को जानसेन (नाबाद 38) की छठे विकेट के लिए 77 रन की अटूट साझेदारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन सोमवार को यहां चाय के विश्राम तक पांच विकेट पर 144 रन बनाए।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए गए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर पांच विकेट पर 67 रन था। दक्षिण अफ्रीका ने लंच तक 58 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए थे। दूसरे सत्र के शुरू में ही खाया जोंडो (पांच) का विकेट गंवाने से वह गहरे संकट में पड़ गया था। वेरीने और जानसेन ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली और फिर टीम को दूसरे सत्र में कोई झटका नहीं लगने दिया।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिशेल स्टार्क ने दो जबकि स्कॉट बोलैंड और कैमरन ग्रीन ने एक-एक विकेट लिया है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की हरी पिच पर दक्षिण अफ्रीका ने सतर्क शुरुआत की। सरेल एरवी (18) और थ्यूनिस डी ब्रुइन (12) का विकेट गंवाने के बाद उसका स्कोर दो विकेट पर 56 रन था। लेकिन इसके बाद टीम ने एक ही स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। कप्तान डीन एल्गर (26) लंच से एक ओवर पहले जोखिम भरा रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। स्टार्क ने अगली गेंद पर तेंबा बावुमा (एक) को विकेट के पीछे कैच कराकर अपना पहला विकेट लिया और फिर लंच के बाद जोंडो का मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराया जिन्होंने इससे पहले एल्गर को सीधे थ्रो पर रन आउट किया था।

एक साल पहले मेलबर्न पर ही टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले बोलैंड ने एरवी को पहली स्लिप में कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया। डी ब्रुइन 2019 के बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे थे लेकिन दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने ग्रीन की गेंद पर पुल करने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच थमा दिया। ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की श्रृंखला में अभी 1-0 से आगे चल रहा है। उसने ब्रिसबेन में खेला गया पहला टेस्ट मैच छह विकेट से जीता था।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *