वाराणसी । शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दुर्गाकुंड वार्ड स्थित ब्रह्मानंद पार्क में 1.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही क्षेत्र में सात करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया।इस अवसर पर डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्गाकुंड वार्ड में सड़क, गलियां, पार्क, विद्यालय, डिजिटल लाइब्रेरी तथा खेल सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विधायक निधि से निर्मित यह बैडमिंटन कोर्ट प्रदेश का पहला ऐसा कोर्ट हो सकता है।विधायक ने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव हुए हैं। शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल को 400 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि राजकीय महिला चिकित्सालय में आधुनिक मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) स्थापित की जा रही है।डॉ. तिवारी ने कहा कि दक्षिणी विधानसभा को मॉडल विधानसभा बनाने के लक्ष्य के तहत लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ। संचालन प्रमोद मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन पार्षद अक्षयवर सिंह ने दिया। इस अवसर पर नवरतन राठी, डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, आलोक श्रीवास्तव, राजीव सिंह डब्बू, बबलू सेठ, तारकेश्वर गुप्ता बंटी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *