बेंगलुरु : बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी दीप ग्रेस एक्का का मानना है कि यह पदक हासिल करना टीम के सफर में एक महत्वपूर्ण क्षण था। भारतीय टीम इस समय भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बेंगलुरु कैंपस में प्रशिक्षण के लिये एकत्र हुई है, जिसमें एक्का भी शामिल हैं।

एक्का ने बर्मिंघम 2022 के पदक के बारे में कहा, ” हम निश्चित रूप से बर्मिंघम में फाइनल खेलना पसंद करते, लेकिन कांस्य जीतना हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। पोडियम पर खड़ा होना एक ऐसा पल है जिसे हम कभी नहीं भूल पाएंगे। यह पूरी टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाला है। भारतीय महिलाओं ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथा स्थान हासिल करने से लेकर बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कांसे का तमगा जीतने तक एक यादगार सफर किया है और अब उनका ध्यान स्पेन के वालेंसिया में 10 दिसंबर से होने वाले महिला हॉकी नेशन्स कप पर होगा।

भारत की प्रमुख डिफेंस खिलाड़ी एक्का को उम्मीद है कि टीम आगे भी इसी प्रदर्शन को बनाए रख सकती है। उन्होंने बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर में लौटने पर कहा, ” हमने बर्मिंघम में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अब वह बीता हुआ समय है। हमने अच्छा ब्रेक लिया है और अब हमें मैदान पर वापस जाना है। मुझे यकीन है कि मुख्य कोच जेनेके शोपमैन हमारे पिछले प्रदर्शन का आकलन करेंगी और उसी के अनुसार शिविर में आने वाले दिनों की योजना बनाएंगी।

उन्होंने कहा, ” हमें स्पेन में एफआईएच महिला हॉकी नेशन्स कप में अच्छा प्रदर्शन करना है और इसके लिए तैयारी आज से शुरू हो रही है। यह आसान नहीं होगा, लेकिन कठिन प्रशिक्षण और हमारे सत्रों के दौरान बार-बार सही चीजें करना ही एकलौता उपाय है। स्पेन में एक सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में विजेताओं को एफआईएच हॉकी प्रो लीग (महिला) में पदोन्नत किया जाएगा भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2०21/22 सीज़न में अपने पहले अभियान में तीसरे स्थान पर रही थी। एक्का ने कहा, ”स्पेन में हमारा उद्देश्य एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में प्रगति करना होगा और इसके लिए हमें नेशन्स कप जीतना होगा। हमारा लक्ष्य हमारे सामने है, अब यह हम पर निर्भर है कि हम सही दिशा में काम करें।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *