जकार्ता : इंडोनेशिया के सुदूर पूर्वी प्रांत वेस्ट पापुआ में शनिवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। बहरहाल, किसी के हताहत होने या कोई गंभीर नुकसान होने की फिलहाल कोई खबर नहीं हैं। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने बताया कि वेस्ट पापुआ प्रांत के मध्य मैम्बेरमो जिले से करीब 37 किलोमीटर उत्तरपश्चिम में कम से कम चार बार भूकंप आया और इनकी तीव्रता 6.2 से 5.5 के बीच मापी गयी।
भूकंप का केंद्र जमीन से 16 किलोमीटर की गहरायी में स्थित था। भूकंप एवं सुनामी शमन प्रभाग का नेतृत्व करने वाले डेरियोनो ने बताया कि इन भूकंपों से सुनामी आने का कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा, ”नुकसान की कोई खबर नहीं है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने भूकंप की तीव्रता 6.1 से 5.9 के बीच मापी और भूकंप का केंद्र जमीन से 19 से 33 किलोमीटर की गहरायी में बताया। वेस्ट पापुआ इंडोनेशिया के सबसे कम आबादी वाले प्रांतों में से एक है और यह करीब 12 लाख लोग रहते हैं। इंडोनेशिया भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है। पश्चिमी सुमात्रा प्रांत में फरवरी में 6.2 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गयी थी और 460 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
