वाशिगटन, नौ मार्च (एपी) अमेरिका में टेक्सास के एक व्यक्ति को कैपिटल हिल (अमेरिकी संसद भवन) में पिछले साल हुए दंगों के मामले में मंगलवार को दोषी ठहराया गया। इस दंगे से जुड़े सैकड़ों मामलों में से यह पहला मामला है, जिसमें संघीय अभियोजकों को बड़ी जीत मिली है।

गाइ विस्ले रेफिट को बंदूक लेकर कैपिटल हिल पर हमला करने का दोषी ठहराया गया है। इसके अलावा उसे छह जनवरी, 2021 को निर्वाचन मंडल के मतदान के प्रमाणन संबंधी संसद के संयुक्त सत्र को बाधित करने का भी दोषी ठहराया गया। उस पर कैपिटल की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों के काम में बाधा उत्पन्न करने और दो किशोर बच्चों को धमकाने का भी दोषी ठहराया गया। जूरी ने तीन घंटे तक विचार-विमर्श किया और रेफिट को सभी मामलों में दोषी पाया।

उस पर आधिकारिक कार्यवाही में बाधा पैदा करने, बंदूक लेकर कैपिटल हिल मैदान पर गैरकानूनी रूप से उपस्थित होने, असैन्य अव्यवस्था के दौरान आग्नेयास्त्रों को लाने-ले जाने, असैन्य अव्यवस्था के दौरान कानून प्रवर्तन अधिकारियों के काम में हस्तक्षेप करने और न्याय में बाधा डालने सहित पांच मामले हैं।

रेफिट को आठ जून को सजा सुनाई जाएगी। इन दंगों में एक पुलिस अधिकारी समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक अधिकारी घायल हुए थे।
इस बीच, धुर दक्षिणपंथी समूह ‘प्राउड ब्वाइज के नेता हेनली ‘एनरिक टैरियो को कैपिटल पर हमले के समन्वय में संदिग्ध भूमिका के लिए षड्यंत्र रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *