वाराणसी । पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय ने शनिवार, 29 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में वाराणसी मंडल में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति की गति तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण करने के संबंध में चर्चा की गई। प्रमुख मुख्य इंजीनियर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री तुषार कान्त पाण्डेय ने मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के साथ राजातालाब यार्ड स्थित समपार संख्या 13 Spl पर प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य इंजीनियर एवं मंडल रेल प्रबंधक ने प्रस्तावित स्थल की भौतिक एवं तकनीकी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान समपार पर यातायात के TVU स्तर, सड़क यातायात के घनत्व तथा स्थानीय जनता की आवागमन संबंधी आवश्यकता एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित LHS के निर्माण की उपयोगिता पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने समपार से होने वाले स्थानीय आवागमन, वर्तमान रेल एवं सड़क यातायात की स्थिति तथा भविष्य में यातायात के संभावित विस्तार को भी ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को अधिक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ समपार पर सड़क यातायात को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, इससे रेल परिचालन की संरक्षा एवं निर्बाधता को बेहतर बनाने में भी मदद मिलने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित स्थल की उपयुक्तता, निर्माण कार्य की कार्ययोजना, तकनीकी आवश्यकताओं, जल निकासी की व्यवस्था, पहुंच मार्ग तथा निर्माण के दौरान रेल परिचालन एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख मुख्य इंजीनियर एवं मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित LHS निर्माण से जुड़े सभी तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी पहलुओं का समुचित अध्ययन करते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रस्तावित निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं संरक्षा प्रावधानों के अनुरूप सुरक्षित एवं सुचारु ढंग से आगे बढ़ाया जाए। निर्माण कार्य की योजना तैयार करते समय रेल परिचालन, स्थानीय आवागमन तथा जल निकासी सहित सभी आवश्यक पहलुओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आर.एस.पी. नवीन कुमार झा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *