लॉस एंजिलिस (अमेरिका) : तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर जीत लिया है। कार्तिकी गोंजाल्विस द्बारा निर्देशित ओटीटी (ओवर-द-टॉप) मंच ‘नेटफ्लिक्स के इस वृत्तचित्र ने इस श्रेणी में ‘हॉलआउट, ‘हाउ डू यू मेजरमेंट ए ईयर?, ‘द मार्था मिशेल इफ़ेक्ट और ‘स्ट्रेंजर एट द गेट को मात दी।
कार्तिकी गोंजाल्विस ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए इसे अपनी ”मातृभूमि भारत को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ”मैं आज यहां हमारे और प्रकृति के बीच के पवित्र बंधन, मूल निवासी समुदाय के लोगों के सम्मान और अन्य जीवित प्राणियों के प्रति सहानुभूति और अंतत: सह-अस्तित्व की ओर ध्यान आकर्षित करना चाहूंगी। गोंजाल्विस ने अकादमी पुरस्कार, निर्माता गुनीत मोंगा, उनके परिवार को धन्यवाद दिया और पुरस्कार को अपनी ”मातृभूमि भारत को समर्पित किया।
उन्होंने कहा, ”अकादमी का हमारी फिल्म को सराहने, मूल निवासियों और जानवरों पर ध्यान देने के लिए शुक्रिया… ‘नेटफ्लिक्स का हम पर विश्वास करने… मेरी निर्माता गुनीत के साथ अपनी आदिवासी समझ को साझा करने के लिए बोमन और बेली का शुक्रिया…। उन्होंने कहा, ”मेरी पूरी टीम के साथ-साथ मेरी मां, पिता तथा बहन … और मेरी मातृभूमि भारत का शुक्रिया…।
वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स दो हाथियों और उनकी देखभाल करने वालों के बीच के अटूट बंधन पर आधारित है। निर्माण कंपनी ‘सिख्या एंटरटेनमेंट की मोंगा और अचिन जैन भी इसके निर्माता हैं। मोंगा ने मंच पर कुछ नहीं कहा, हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, ”आज रात इतिहास रचा गया क्योंकि पहली बार किसी भारतीय निर्माण कंपनी के बैनर तले बने वृत्तचित्र को ऑस्कर मिला है।
वहीं, जलवायु परिवर्तन पर आधारित भारतीय वृत्तचित्र ‘ऑल दैट ब्रीथ्स सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर श्रेणी में पुरस्कार जीतने से चूक गई। डेनियल रोहर की ‘नवलनी ने उसे मात दी। वृत्तचित्र ‘नवलनी रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी और उन्हें कथित तौर पर जहर दिए जाने से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है। ऑस्कर समारोह का आयोजन सोमवार सुबह (भारतीय समयानुसार) हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में किया जा रहा है।
