इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने बुधवार रात अफगानिस्तान की सीमा के पास एक आतंकवादी ठिकाने को निशाना बनाया, जिससे दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मुठभेड़ में आठ आतंकवादी ढेर हो गए। वहीं, दो बच्चे भी मारे गए और दो सैनिक घायल हुए हैं।

बयान में स्पष्ट नहीं किया गया है कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अशांत दक्षिण वजीरिस्तान जिले में आतंकवादी ठिकाने पर कार्रवाई के दौरान किसकी गोली लगने से बच्चों की मौत हुई। पाकिस्तानी सेना ने यह भी नहीं बताया है कि जिन आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वे किस संगठन से नाता रखते थे।

दक्षिण वजीरिस्तान कुछ साल पहले तक पाकिस्तानी तालिबान और अन्य आतंकवादी संगठनों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह हुआ करता था। बाद में पाकिस्तानी सेना ने क्षेत्र से आतंकवादियों के सफाए का दावा किया। हालांकि, वहां अक्सर आतंकवादी हमले होते रहे हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *