अकापुल्को (मैक्सिको)। तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता अलेक्सांद्र जेवरेव पर मैक्सिको ओपन में युगल मैच गंवाने के बाद अंपायर की कुर्सी पर रैकेट मारने के कारण पुरुषों के पेशेवर टेनिस टूर (एटीपी) ने 40 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा उनकी 30 हजार डॉलर से अधिक की पुरस्कार राशि और सभी रैंकिग अंक भी काट दिये गये हैं।

एटीपी ने इसके साथ ही घोषणा की कि वह इस घटना की आगे समीक्षा करेगा।
जेवरेव अभी विश्व रैंकिग के तीसरे नंबर के खिलाड़ी हैं और मैक्सिको ओपन के एकल में मौजूदा चैंपियन हैं।

जर्मनी के इस 24 वर्षीय खिलाड़ी को अंपायर अलेसांद्रो जरमानी पर चिल्लाने और उनकी कुर्सी पर गुस्से में रैकेट मारने के कारण पहले ही टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था।

एटीपी ने कहा कि जेवरेव पर अपशब्दों का उपयोग करने और खेल भावना के विपरीत व्यवहार करने के लिये 20-20 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।
इसके अलावा उन्हें एकल और युगल की अपनी संपूर्ण पुरस्कार राशि (31,570 डॉलर) और रैंकिग अंक भी गंवाने पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *