वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में बने अंडरपास के पास गुरुवार सुबह एक पेड़ से लटकता अज्ञात वृद्ध का शव मिला। इस बात की सूचना फैलते ही परिसर में सनसनी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर मंडुवाडीह पुलिस के साथ रेलवे पुलिस भी पहुंची और जांच में जुट गई। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को बरेका अंडरपास की तरफ जाने वाले रास्ते पर रेलवे लाइन के किनारे पेड़ पर एक वृद्ध का शव लटकता देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। शव के दोनों हाथ बांधकर लुंगी से फंदा बनाकर जमीन से लगभग 30 फीट ऊपर पेड़ से लटकाया गया है।
आशंका है कि हत्या दो-तीन दिन पहले की गई होगी। फोरेंसिक टीम ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। मौके पर स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम पूछताछ में जुटी है। एडीसीपी प्रबल प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया की बरेका चौकी इंचार्ज की सुस्ती के चलते यह घटना हुई है। क्योंकि बगल में नाथुपुर गेट के समीप शराब की दुकान पर दिन भर अराजकतत्वों का जमावड़ा लगा रहता है ।।
