स्वास्थ्य केन्द्रों पर मनाया गया विश्व गर्भनिरोधक दिवस

अनचाहे गर्भ के जोखिम से बचाव के लिए दिया ज़ोर

वाराणसी, 26 सितंबर 2022 – गर्भ निरोधक साधनों जैसे अंतरा, छाया, माला एन, कंडोम के प्रति समुदाय जागरूकता बढ़ाना और उसके महत्व को समझाने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद मुख्यालय सहित स्वास्थ्य केन्द्रों पर विश्व गर्भनिरोधक दिवस मनाया गया ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने कहा कि महिलाओं को जोखिमों से बचाने के लिए हर साल 26 सितंबर को विश्व गर्भनिरोधक दिवस मनाया जाता है। आशा कार्यकर्ता और एएनएम, नव युवा दपंत्तियों को यौन और प्रजनन स्वास्थ्य पर उचित विकल्प देकर अपने परिवार के प्रति निर्णय लेने में सक्षम बनाने पर ज़ोर दे रही हैं। जिला अस्पताल सहित समस्त ग्रामीण व नगरीय सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, उपकेंद्रों व वीएचएनडी-यूएचएनडी सत्रों में नवीन गर्भनिरोधक छाया एवं अंतरा सहित समस्त साधन उपलब्ध हैं जिसका लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शादी के दो साल बाद पहला बच्चा, पहले और दूसरे बच्चे के बीच तीन साल का अंतर होना चाहिए।उसके पश्चात नसबंदी कराने को लेकर जागरूक व निःशुल्क परामर्श दिया जा रहा है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) डॉ एचसी मौर्य ने कहा कि हर शुक्रवार को अंतराल दिवस व हर माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन जिला अस्पताल सहित समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों पर मनाया जा रहा है जिससे दंपति को साधनों का लाभ मिल सके और दूसरों को प्रेरित कर सकें। इससे मातृ एवं शिशु के स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है और साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को भी कम किया जा सकता है।
डॉ मौर्य ने कहा कि जिले में तिमाही गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा और गर्भनिरोधक गोली छाया की बढ़ती मांग को देखते हुए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सहित स्वास्थ्य केन्द्रों पर इसकी सुविधा को मुहैया कराया जा रहा है। गर्भनिरोधक साधन कंडोम की लगातार उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिले के समस्त ब्लाकों में चयनित स्थानों पर कंडोम बॉक्स लगाए गए हैं। उन्होने बताया कि इस साल अप्रैल से अगस्त तक 4486 अंतरा, 16,942 छाया, 43,063 माला एन, 8915 ईसीपी और 4,19,211 कंडोम की सेवाएं दी जा चुकी हैं।
इस मौके पर एसीएमओ डॉ एके मौर्य, एसीएमओ डॉ राजेश प्रसाद, डीएचईआईओ हरिवंश यादव, जिला नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक आशीष सिंह, सीसीपीएम कौशल चौबे, पीएसआई इंडिया से कृति पाठक व अखिलेश एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *