रोम : इटली के सबसे प्रतिष्ठित फुटबाल क्लब युवेंटस पर इटली फुटबॉल महासंघ में एक अपील की सुनवाई के बाद गलत हिसाब रखने के लिए 15 अंकों का जुर्माना लगाया गया है। शुक्रवार को सुनाई गई इस सजा के बाद युवेंटस की अगले सत्र में यूरोपीय टूर्नामेंटों में खेलने की संभावना समाप्त हो गई है। इटली की शीर्ष फुटबॉल प्रतियोगिता सेरी ए में रिकॉर्ड 36 बार के चैंपियन युवेंटस इस जुर्माने के बाद चोटी पर चल रहे नैपोली से 25 अंक पीछे हो गया है।

चैंपियंस लीग में जगह बनाने कि उसकी संभावना भी समाप्त हो गई है क्योंकि वह चौथे नंबर की टीम से 12 अंक पीछे हो गया है। यह सजा सुनाए जाने से पहले युवेंटस सेरी ए में तीसरे स्थान पर चल रहा था। युवेंटस ने कहा कि वह इटली की सर्वोच्च खेल अदालत में अपील करेगा जो इटली ओलंपिक समिति के अंतर्गत आती है। इसके अलावा युवेंटस के पूर्व अध्यक्ष एंड्रिया एग्नेली और क्लब के पूर्व सीईओ मॉरीजियो अरिवेबिन को फुटबॉल गतिविधियों में भाग लेने से दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। युवेंटस के स्टाफ या पूर्व बोर्ड में शामिल नौ अन्य सदस्यों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इन सभी ने नवंबर में गलत हिसाब किताब रखने के आरोपों की जांच के बाद त्यागपत्र दे दिया था।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *