न्यूयॉर्क : भारत, इज़राइल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अमेरिका के ‘आई2यू2 समूह ने अपनी आर्थिक साझेदारी को गहरा करने को लेकर प्रतिबद्धता व्यक्त की है। समूह ने कृषि व स्वच्छ ऊर्ज़ा से संबंधित अपनी मौजूदा परियोजनाओं में हुई प्रगति का जायजा लिया और ‘आई2यू2 के उद्देश्यों को पूरा करने में संभावित तौर पर मददगार परियोजनाओं की समीक्षा भी की।

समूह ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से इतर मुलाकात की। अमेरिका के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, अवर मंत्री जोस डब्ल्यू फर्नांडीज ने भारत के विदेश मंत्रालय के आर्थिक मामलों के सचिव दम्मू रवि, इज़राइल के विदेश मंत्रालय के महानिदेशक एलोन उशपिज और यूएई के विदेश मंत्री अहमद बिन अली अल सयेघ के साथ बैठक की। बयान में कहा गया है, ”समूह ने चार देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को गहरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उसने कृषि व स्वच्छ ऊर्ज़ा से संबंधित मौजूदा परियोजनाओं में हुई प्रगति का जायजा लिया और समूह के उद्देश्यों को पूरा करने में संभावित तौर पर मददगार परियोजनाओं की समीक्षा भी की। बयान के मुताबिक, ‘आई2यू2 समूह ने जुलाई में नेताओं के शिखर सम्मेलन के आधार पर आगे की राह तय करने की उम्मीद भी जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, इज़राइल के प्रधानमंत्री यायर लापिड और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जाएद अल नहयान ने जुलाई में पहले ‘आई2यू2 शिखर सम्मेलन में ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया था। भारत, अमेरिका, इज़राइल और यूएई के विदेश मंत्रियों ने अक्टूबर 2021 में एक बैठक के दौरान इस समूह को आकार प्रदान किया था। ‘आई2यू2 से तात्पर्य ‘इंडिया, इज़राइल, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका और यूएई है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *