वाशिगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन द्बारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार की वकालत करने के कुछ दिन बाद क्वॉड समूह के देशों ने 15 सदस्यीय परिषद को स्थायी और गैर-स्थायी, दोनों श्रेणियों में विस्तार देने की प्रतिबद्धता जताई है। क्वॉड समूह में जापान, भारत, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका शामिल हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से इतर न्यूयॉर्क में चल रहे क्वॉड देशों के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन के बाद जारी एक संयुक्त बयान में क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने का भी आह्वान किया गया। जाहिर है कि इसका इशारा चीन की तरफ था। बयान में कहा गया, “हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के एक समग्र एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसमें सुरक्षा परिषद की स्थायी और गैर-स्थायी सीटों को बढ़ाना शामिल है, ताकि वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का सामना किया जा सके और भौगोलिक रूप से अधिक विविधता वाले दृष्टिकोण को अपनाया जा सके।”

इस बैठक में सदस्य देशों के विदेश मंत्री-ऑस्ट्रेलिया के पेनी वोंग, भारत के एस जयशंकर, जापान के हयाशी योशिमासा और अमेरिका के एंटनी ब्लिंकन शामिल हुए। उन्होंने कहा, “बैठक में संयुक्त राष्ट्र समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय संस्थाओं और व्यवस्थाओं को दबाने के प्रयासों से निपटने की जरूरत को रेखांकित किया गया।”

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *