समाजशास्त्र विभाग और क्लाइमेट एजेंडा ने मिलकर आयोजित किया युवाओं से संवाद का कार्यक्रम,

युवाओं से परिचर्चा संग हुआ फिल्म का प्रदर्शन, समाजशास्त्र विभाग की अनूठी पहल में शामिल हुए सैकड़ों युवा

आज दिनांक 6 सितम्बर 2022 को दिन में 12 बजे से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षा संकाय के कांफ्रेंस हॉल में वायु प्रदूषण के विषय पर एक लघु फ़िल्म का प्रदर्शन और युवाओं से संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का आयोजन म. ग. काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग और पर्यावरण के प्रति समर्पित संथा क्लाइमेट एजेंडा ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में म. ग. काशी विद्यापीठ के शिक्षा संकाय के डीन प्रो. सुशील कुमार गौतम के साथ समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. रेखा और क्लाइमेट एजेंडा की निदेशक एकता शेखर की प्रमुख उपस्थिति रही.

24 मिनट की एक लघु फिल्म के प्रदर्शन के बाद कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि प्रो सुशील कुमार गौतम ने कहा: यह फिल्म वायु प्रदूषण की गहराती समस्या को स्पष्ट रेखांकित करती है. आने वाले दो से तीन दशकों में हमारे आस पास की संभावित भयावहता का बखूबी चित्रण करते हुए इस फिल्म ने हमें यह चेतावनी भी दी है कि अगर हम आज से अपनी आदतों और कार्यविधि में परिवर्तन नहीं लाये, तो जल्द ही हमें हवा, पानी जैसी बेहद जरुरी चीजों के लिए भी तरसना होगा.” कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए मुख्य अतिथि प्रो गौतम ने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ युवाओं में संवेदनशीलता का प्रसार करती हैं और बेहतरीन बदलाव के प्रति आशान्वित बनाती हैं.

आज के इस एकदिवसीय आयोजन की सह आयोजक समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो रेखा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा “ युवाओं की जिम्मेदारियां बेहद अहम् हैं. इस उम्र में हम नयी आदतें सीख सकते हैं, और दूसरों को प्रेरित भी कर सकते हैं. हमारा देश युवाओं का देश है, ऐसे में यह जरुरी है कि प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी युवा अपने कन्धों पर लें. दिनोंदिन प्रदूषित होती हमारी पृथ्वी को स्वस्थ और स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी पृथ्वी पर रहने वाले हर इंसान की है, इसे समझते हुए इंसान को अपनी जिन्दगी लालच के बजाए जरुरत पर आधारित बनाना होगा.

इस अवसर पर क्लाइमेट एजेंडा की निदेशक एकता शेखर ने बताया “संयुक्त राष्ट्र संघ के द्वारा 7 सितम्बर को विश्व स्वच्छ वायु दिवस के रूप में घोषित किया गया है, और इस सन्दर्भ में क्लाइमेट एजेंडा संस्था ने शहर में तीन दिवसीय युवा महोत्सव का आयोजन किया है. म. ग. काशी विद्यापीठ के प्रतिष्ठित समाजशास्त्र विभाग के सह संयोजन में आज का कार्यक्रम इसी युवा महोत्सव का आगाज है. इन कार्यक्रमों के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र संघ का यह प्रयास है कि हवा की शुद्धता के प्रति आम इंसानों, जिम्मेदार सरकारों और उद्योगों आदि को संवेदनशील बनाया जाए. कोविद के लौकडाउन में अगर हमें हमारी हवा साफ़ और हमारा आसमान नीला हो सकता है तो इसका मतलब यह संभव है, बस हमें अपने पर्यावरण के प्रति थोड़ा जिम्मेदार होना होगा.

इस अवसर पर डॉ सौम्या यादव, डॉ जयप्रकाश यादव, डॉ मनीषा, डॉ चंद्रशेखर, आशुतोष, ब्रिजेश, शिफाली, राजन, डॉ सुरेन्द्र कुमार, डॉ अशोक श्रीवास्तव आदि समेत सैकड़ों युवा उपस्थित थे ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *