भारत सरकार के रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने विशेष अभिरूचि के अन्तर्गत वाराणसी के वरिष्ठ भाजपा नेता अरविन्द कुमार त्रिपाठी को रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान हेतु रेलवे बोर्ड द्वारा गठित क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, उत्तर मध्य रेलवे का सदस्य मनोनीत किया है | समिति के सदस्य रहने के दौरान रेल विभाग द्वारा संचालित खानपान ईकाई, पेटीकार, बुक स्टाल, गाड़ियों में लगे रेस्तरां ,भोजन , बफेट कारों का निरीक्षण आदि तथा डिब्बे में कोई यात्री बिना टिकट अथवा पास के यात्रा कर रहा हो तो उत्तर मध्य रेलवे के किसी भी स्टेशन मास्टर अथवा टिकट कलेक्टर या चल टिकट परीक्षक को बुलाकर अपनी उपस्थिति में जांच के लिए अधिकृत किया है | उक्त बातें एक पत्रकार वार्ता के दौरान अरविन्द कुमार त्रिपाठी ने कही |
पत्रकार वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए अरविन्द त्रिपाठी ने कहा कि वाराणसी सनातन संस्कृति हिन्दू धर्म और मां गंगा की आस्था का केन्द्र होने के साथ ही देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है | उत्तर मध्य रेलवे के यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि के मद्देनजर बनारस से चलने वाली प्रत्येक ट्रेन में वेजटेरियन खान-पान की शुद्ध व्यवस्था, आधुनिक मशीनरी द्वारा प्लेटफार्म एवं ट्रेन की सफाई, रेलवे स्टेशन पर उचित मूल्य के पानी की व्यवस्था हेतु वाटर वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ारा, वातानुकूलित कोचों ,बेड सेल की गुणवत्ता में सुधार, उत्तर मध्य रेलवे के सभी ए और बी रेलवे स्टेशनों पर जनता खाना की उपलब्धता, सभी स्टेशनों पर व्हील चेयर एवं स्ट्रेचर की संख्या बढ़ाना, तथा उत्तर मध्य रेलवे के सभी स्टेशन पर रेलवे चिकित्सालय एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों का नाम एवं मोबाईल नम्बर की सूची चस्पा करना, स्टेशन पर मेडिकल स्टोर की व्यवस्था करना आदि कार्यो पर विशेष बल दिया जायेगा आवश्यक हुआ तो रेलमंत्री जी से मिलकर इन समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे |
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या से प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी होते हुए भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा तक एक वन्दे भारत जैसी ट्रेन चलाने हेतु एक प्रस्ताव रेलमंत्री को दिया जायेगा | वन्दे भारत जैसी ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के सवाल पर श्री त्रिपाठी ने कहा कि बनारस से झॉसी तक बहुत जल्द एक वन्दे भारत ट्रेन के संचालन की सूचना आपको प्राप्त होगी उन्होंने कहा कि सदस्यों की मांग अम्बिकापुर- रेणुकूट मार्ग पर रेल लाइन बिछाने की है जिससे अयोध्या से काशी एवं जगन्नाथपुरी से जुड़ने के मार्ग का सृजन होगा और धर्मपरायण जनता की सुविधा मिलेगी |
पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से पं० श्रीराम द्विवेदी, सन्नी प्रभाकर, अरविन्द मिश्रा, विशाल, आदर्श पाठक आदि मौजूद थे ||
