वाशिगटन : अमेरिकी सांसद स्टीव चाबोट ने कहा कि अमेरिका और भारत को बढ़ती भू-रणनीतिक साझेदारी से बहुत फायदा हुआ है। ‘हाउस इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष स्टीव चाबोट ने भारतीय सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) के एक प्रतिनिधिमंडल के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्बारा आयोजित एक समारोह में यह बयान दिया। उन्होंने कहा, ” आइए, विश्व के इन दो सबसे महत्वपूर्ण लोकतंत्रों के बीच कायम संबंध को भविष्य में भी बनाए रखें।

चाबोट ने कहा, ” पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका-भारत के संबंध रक्षा क्षेत्र से लेकर भारतीय-अमेरिकी प्रवासियों के ताल्लुक तक तेजी से मजबूत हुए व बहुआयामी साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं। द्बिपक्षीय संबंधों को अब और अधिक मजबूत होना है, यह अब और भी महत्वपूर्ण हो गए हैं….क्योंकि हम आखिरकार सबसे पुराने लोकतंत्र और सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। उन्होंने कहा, ” अमेरिका और भारत को बढ़ती भू-रणनीतिक साझेदारी से बहुत फायदा हुआ है। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिह संधू ने कहा कि भारतीय तकनीकी उद्योग ने अमेरिका में 1.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। द्बिपक्षीय व्यापार हर गुजरते साल के साथ बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद दोनों देशों के बीच कोई मुक्त व्यापार समझौता नहीं हुआ है।

संधू ने कहा, ” यहां मौजूद सीईओ भारत की सफलता की गाथा के साक्षी हैं। भारतीय कॉरपोरेट नेताओं के सीआईआई प्रतिनिधिमंडल में एक रक्षा प्रतिनिधिमंडल भी शामिल है। सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल एक साथ काम करने के रास्ते तलाशने के लिए यहां पहुंचा है। सीआईआई के अध्यक्ष संजीव बजाज ने कहा कि व्यापार भारत और अमेरिका के बीच संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने इस बात की ओर भी ध्यान आकर्षित किया कि इस साल भारत-अमेरिका संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *